फिरोजाबाद। नगर में एक चिकित्सक की मौत पर शव यात्रा के दौरान हिन्दू-मुस्लिम एकता की मिसाल देखने को मिली। जिसमें सैकडों की संख्या में हिन्दू-मुस्लिम समाज के लोग एकत्रित हुए।
थाना दक्षिण क्षेत्र नालबंद चैराहा नाले की पुलिया पर चिकित्सक डा. विनोद गुप्ता अपना चिकित्सालय चलाते थे। जिसकी खासियत थी वह मरीजों से पैसे नहीं लेते थे और वह हर वक्त मरीजों के इलाज को तत्पर रहते थे। अधिकांशत आसपास मुस्लिम बाहुल्य एरिया होने के साथ ही वे सभी से प्रेम भाव के साथ बिना किसी भेदभाव के सभी को देखने के लिये पूरी लगन से तल्लीन रहते थे। बीती रात उनकी हालत खराब होने पर निधन हो गया। जिनके अंतिम संस्कार को जब लाया गया। हैरत भरी बात यह रही कि उनकी जब अर्थी लायी गयी तो मुस्लिम भाईयों के कंधे पर लायी गयी, राम नाम सत है के स्वर गूंजते रहे। जो कि देखा जाये तो हिन्दू मुस्लिम एकता की मिसाल बन गई। सैकड़ों की संख्या में मुस्लिम भाई जलेसर रोड स्थित शमशान घाट पर एकत्रित हुये, हर कोई देखता रह गया। वहीं नगर विधायक मनीष असीजा भी कई भाजपाईयों संग पहुंचे। उन्होंने कहा सबसे बड़ा रिश्ता मानवता का होता है, इसी कारण डा. साहब के निधन पर आज यह हिन्दू मुस्लिम एकता की मिसाल देखने को मिल रही है। वह पचासियों वर्षों से फ्री सभी का इलाज करते आये हैं। हर कोई उनका कायल था।