फिरोजाबाद। प्रदेश सरकार के सौ दिन पूरे होने पर फिरोजाबाद पहुंचे कारागार राज्य मंत्री सुरेश राही ने सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि सौ दिन में हमने जितना लक्ष्य रखा था, उससे कहीं अधिक काम किया है। जनता तक सरकार की योजनाओं को पहुंचाने का काम किया है।
कारागार मंत्री ने कलक्ट्रेट सभागार में वार्ता करते हुए कहा कि हमने सौ दिन का लक्ष्य तय किया था। फिरोजाबाद का लक्ष्य जो रखा गया था, उसे अधिकारियों की मदद से पूरा किया गया है। इसके लिए सभी अधिकारी बधाई के पात्र हैं। कानून व्यवस्था को लेकर उन्होंने कहा कि फिरोजाबाद में पुलिस अच्छे से कार्य कर रही है। अपराध पर नियंत्रण है। उन्होंने कहा कि हमने सौ दिन के अंदर विकास संबंधी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने का काम किया है। योगी सरकार में बिना बिचैलियों के विकास जनता तक पहुंच रहा है। जनता सुकून महसूस कर रही है।
उन्होंने कहा कि 35 साल बाद 2017 में जनता ने भाजपा पर भरोसा जताया था। जब भाजपा सरकार में आई तो बिना भेदभाव के विभिन्न वर्गों के आखिरी पायदान पर खड़े व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने का कार्य किया। जिसके कारण 2022 में फिर से भाजपा सरकार बनी है। सरकार ने अपने सौ दिन में 68 हजार स्थानों से अतिक्रमण, 76 हजार पार्किंग, धार्मिक स्थलों से लाउडस्पीकर उतरवाए हैं। इसके साथ ही युवाओं को नौकरी, लाभार्थियों को पीएम आवास, स्वयं सहायता समूहों का गठन कर लाभान्वित करने का कार्य किया जा रहा है। इस दौरान उनके साथ नगर विधायक मनीष असीजा, महापौर नूतन राठौर, डीएम रवि रंजन, एसएसपी आशीष तिवारी, नगर आयुक्त घनश्याम मीणा, अपर जिलाधिकारी अभिषेक कुमार सिंह सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी के अलावा टूंडला विधायक प्रेमपाल धनगर, भाजपा जिला संयोजक वृंदावन लाल गुप्ता, महानगर अध्यक्ष राकेश शंखवार आदि मौजूद रहे।
