फिरोजाबाद। चालक की लापरवाही के चलते शुक्रवार सुबह फिरोजाबाद में मजदूरों से भरी मैक्स पलट गई। इस हादसे में 35 में से डेढ़ दर्जन मजदूर घायल हो गए जबकि आधा दर्जन गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें आगरा रेफर किया गया है।
शुक्रवार सुबह फिरोजाबाद कारखाने में काम करने जा रहे मजदूरों से भरी मैक्स अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में डेढ़ दर्जन मजदूर घायल हो गए। हादसे के दौरान चीख पुकार मच गई। घायलों को सरकारी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। इनमें से गंभीर आधा दर्जन मजदूरों को आगरा रेफर किया गया।
थाना खैरगढ़ क्षेत्र के गांव शेखपुरा निवासी मजदूर ढोलपुरा रोड स्थित फैक्ट्री में कार्य करते हैं। फैक्ट्री मैनेजर जाटवपुरी निवासी नाजिम ने बताया कि शुक्रवार सुबह एक मैक्स करीब 35 मजदूरों को गांव से लेकर कारखाने आ रही थी। थाना रामगढ़ क्षेत्र के चनोरा गांव के पास हाइवे पर पहुंचते ही अचानक गाड़ी के पहिए के नीचे कोई पत्थर आ गया और चालक नियंत्रण खो बैठा। हादसे के दौरान मैक्स पलट गई। हादसे के दौरान मैक्स में सवार मजदूरों में चीख पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्काल मदद करते हुए घायलों को सरकारी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया है। वहां से आधा दर्जन गंभीर घायल मजदूरों को आगरा रेफर किया गया है। डॉक्टर आरपी सिंह ने बताया कि घायल मजदूर ट्रॉमा सेंटर आए हैं, जिनका इलाज किया जा रहा है। कुछ घायलों को परिजन आगरा ले गए हैं। डॉक्टर ने बताया कि हादसे में मजदूर गजराज, धर्मेंद्र, ध्रुव, इंद्रवीर, श्याम सुंदर, बॉबी, शशि देवी, बंटी, सीताराम, नेमा देवी, रामकुमार, योगेश, ओमवीर समेत अन्य मजदूर घायल हुए हैं।
