फिरोजाबाद। थाना शिकोहाबाद क्षेत्र के नगला किला में दिनदहाड़े बुधवार दोपहर 12 बजे के करीब घर में अकेली महिला पर चाकुओं से प्रहार कर उसकी हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद हत्यारा फरार हो गया। मृतका का पुत्र जब घर पहुंचा तो मां को खून से लथपथ पलंग पर पड़ा देख उसकी चीख निकल गई। जानकारी होते ही मोहल्ले में सनसनी फैल गई। मौके पर सीओ फोर्स के साथ पहुंच गये। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हत्या का आरोप महिला के पति पर है।
थाना उत्तर क्षेत्र के मोहल्ला द्वारिकापुरी निवासी अक्षय कुमार रामकिशन विगत वर्षों से नगर के मोहल्ला कटरा मीरा में रह रहा है। उसकी पत्नी नेहा (30) अपने दो बच्चे अनुज (8) और अनमोल (6) के साथ अपनी किन्नर ननद हसीना किन्नर की देखरेख में नगला किला में रामेश्वर दयाल के मकान में किराये पर रह रही थी। उसके खाने-पीने का खर्चा हसीना किन्नर ही उठा रही थी। इसके बदले में नेहा अपनी ननद किन्नर के यहां झाड़ू पौंछा और खाना बनाती थी। महिला के परचितों ने बताया कि उसके भाई से नेहा का झगड़ा चल रहा था। विगत 15 दिन पूर्व नेहा का रसौली का ऑपरेशन हुआ था। उसके घर पर उसकी बहनें आई हुईं थी। मकान स्वामी बेबी पत्नी देवशरन ने बताया कि बुधवार को मृतका की दो बहनें सुबह घर से गईं थी। उनके जाने के बाद दोपहर 12 बजे के करीब उसका पति अक्षय घर पर आया और बड़े बेटे को कुछ सामान लेने के लिए भेज दिया। मृतका के पुत्र अनुज के अनुसार जब वह सामान लेकर घर लौटा तो उसकी मां बैड पर खून से लथपथ पड़ी थीं और उसके पिता घर पर नहीं थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला की हत्या कर उसका उसका पति अक्षय फरार हो गया।
महिला की हत्या की जानकारी होते ही सीओ कमलेश कुमार और प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। फिंगर एक्सपर्ट और डॉग स्क्वायड टीम भी पहुंची। सीओ कमलेश कुमार ने बताया कि घर में एक महिला की चाकुओं से गोद कर हत्या कर दी है। आरोप उसके पति पर है। मामले की जांच की जा रही है। आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर जेल भेजा जायेगा।
