फिरोजाबाद। नगर निगम द्वारा अतिक्रमण हटाओ अभियान के नाम पर किए गए अवैध रूप से दुकानदारों के चालान के विरोध में व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष अंबेश शर्मा के नेतृत्व में व्यापारियों की एक पदयात्रा सुभाष चैराहा से निकाली गई। व्यापारियों ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
मंगलवार को व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने सुभाष तिराहे एक पैदल यात्रा शुरू की। जो कि नगर निगम में पहुंचकर धरना प्रदर्शन मंें परिवर्तित हो गई। व्यापारियों ने नगर निगम द्वारा चलाये जा रहे अतिक्रमण अभियान का जोरदार विरोध किया। व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष अम्बेश शर्मा के नेतृत्व में नगर आयुक्त प्रेरणा शर्मा के नाम एक ज्ञापन अपर नगर आयुक्त अरविंद राय को सौंपा है। जिसमें कहा है कि मुख्यमंत्री जी का जो आदेश अतिक्रमण हटाओ के नाम पर आया है। उसे व्यापारी प्रतिनिधियों की बैठक बुलाकर विस्तार पूर्वक चर्चा करने के उपरांत अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाए। साथ ही कहा कि नगर निगम के अधिकारी अतिक्रमण विरोधी अभियान के तहत छोटे मझोले व्यापारियों से 500 से लेकर 800 रुपये तक की रसीद काट रहे हैं वह पूरी तरह गलत है। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अगर कोई ऐसा निर्देश है तो नगर निगम के अधिकारी उस आदेश को दिखाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि हमारा व्यापार मंडल इसका कड़ा विरोध करता है तथा इसकी शिकायत उत्तर प्रदेश सरकार से की जाएगी। अपर आयुक्त ने बैठक बुलाने का आश्वासन दिया। उनके आश्वासन के बाद धरना समाप्त कर दिया गया। धरना प्रदर्शन के दौरान रामबाबू झा, पारसराम लालवानी, सुफियान कुरैशी, रमाशंकर दादा, अर्जेस उपाध्याय, विवेक कौशल, सुशील जाट, चरित्र मोहन जैन, मनोज कटारिया, समसुल सिद्दीकी, शांति स्वरूप, जाकर पहलवान, गौरव जैन, नवीन उपाध्याय राहुल सहित दर्जनों व्यापारी मौजूद रहे।
