फिरोजाबाद। शुक्रवार को नगर की पाॅश कालौनी विभव नगर में ग्लास कारोबारी दंपती के शव सुबह बेडरूम में मिलने से सनसनी फैल गई। साढ़े सात बजे तक दरवाजा न खुलने पर बेटे ने दरवाजा तोड़ा। दोनों के शव बैड पर पड़े हुए थे। महिला के चेहरे पर चोट के निशान थे। सुसाइड नोट नहीं मिला है। दंपती की मौत की गुत्थी सुलझाने में पुलिस जुटी है।
थाना उत्तर की विभव नगर के सेक्टर तीन निवासी 68 वर्षीय अशोक कुमार गुप्ता अपनी 65 वर्षीय पत्नी रश्मि और दत्तक पुत्र आकाश के साथ रहते थे। घर के नीचे वाले हिस्से में हैंडीक्राफ्ट सामान का स्टोर था और उसके बगल में बेडरूम था। रोज मां-बेटे ऊपर वाले कमरे में और अशोक नीचे वाले बैडरूम में सोते थे, लेकिन गुरुवार रात दंपती इसी बेडरूम में सोए थे और आकाश ऊपर के कमरे में सोया था। सुबह अखबार डालने आए हाकर ने अशोक गुप्ता को आवाज लगाई लेकिन जवाब नहीं मिला। इसके बाद आकाश ने नीचे आकर माता-पिता को आवाज दी, लेकिन अंदर से जवाब नहीं मिला। अनहोनी की आशंका पर उसने महावीर नगर निवासी अपने चाचा पवन गुप्ता को फोन पर सूचना दी। पवन और उनके स्वजन के पहुंचने पर उसने धक्का देकर दरवाजा की सिटकनी तोड़ी। बेड पर दोनों के शव पड़े थे। इसके बाद चीख पुकार मच गई। बेटे की माने तो माॅ को ब्लड प्रेशर और पिता को शुगर की बीमारी थी। वहीं घटना की जानकारी होने पर मौके पर एसएसपी अशोक कुमार शुक्ल, एसपी सिटी मुकेश कुमार मिश्र व सीओ सिटी हरिमोहन सिंह मौके पर पहुंच गये। उन्होंने मौके पर घटना की जानकारी हासिल की।
