फिरोजाबाद। दबंगों ने वोट डालने को लेकर हुए विवाद में मतपेटिका लूटकर उसे तालाब में फेंक दिया। जानकारी होने पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस ने आधा दर्जन लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। वहीं तालाब से मतदान पेटिका को निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं। दोपहर के समय में जसराना क्षेत्र के गांव नगला परदमन में भी मतपेटिका लूटने का प्रयास हुआ था। वहां भी दबंगों ने तोड़फोड़ करते हुए फायरिंग की थी।
सोमवार शाम करीब चार बजे मतदान की गति धीमी थी। तभी हाथवंत ब्लाक के गांव बरौली में वोटिंग चल रही थी। उसी समय दो पक्षों के बीच वोट डालने को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि दबंग मतदान केन्द्र से मतपेटिका को उठाकर ले गए। इतना ही नहीं दबंगों ने मतपेटिका को उठाकर गांव के तालाब में फेंक दिया। ऐसा होने से मतपत्र तालाब में भरे पानी में तैरने लगे। इस घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही डीएम चंद्र विजय और एसएसपी अजय कुमार पांडे पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने जांच पड़ताल करते हुए इस मामले को लेकर आधा दर्जन लोगों को हिरासत में ले लिया। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। वहीं तालाब में गिरी मतपेटिका को निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं।
